फतेहाबाद जिले के टोहाना में दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल टोहाना ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी और उनके दो बच्चों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, टोहाना के गांव रहनवाली निवासी मिश्रा सिंह अपनी पत्नी किरना और दो बेटों अर्णव व मनराज के साथ पंजाब के खनौरी गांव से दवा लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। बलियाला गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया वहीं दूसरी बाइक पर जींद जिले के नरवाना निवासी अनुज और उनके पिता रामकृष्ण बंसल सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शी मोहन ने बताया कि उन्होंने अन्य राहगीरों की मदद से सभी घायलों को टोहाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद मिश्रा सिंह, किरना, अर्णव और मनराज की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा रेफर कर दिया। मामले की जांच में जुटी पुलिस वहीं अनुज और रामकृष्ण बंसल का इलाज टोहाना के अस्पताल में ही जारी है। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना दुर्घटना की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


