नीट परीक्षा रद्द होने एवं लगातार पेपर लीक होने के मामले में यूथ कांग्रेस आज प्रदर्शन करेगी। इसे लेकर (शुक्रवार) प्रातः 11 बजे जिला उपायुक्त कार्यालय सिरसा में NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक तथा विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय के विरोध में यूथ कांग्रेस समर्थकों द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निशित कटारिया उपस्थित रहेंगे। जानकारी के अनुसार, सिरसा जिले में रविवार 3 मई को नीट (यूजी)-2026 की परीक्षा छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। इसके लिए कुल 2451 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2390 अभ्यर्थियों ने पेपर दिया और 61 अनुपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, फ्रिस्किंग प्वाइंट, बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया तथा सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चली और दिव्यांगों को 6 बजे तक समय दिया। लघुसचिवालय में कंट्रोल रूम बनाया गया था। इस खबर को बाद में अपडेट किया जाएगा। एनटीए ने रद्द की परीक्षा दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। देशभर में करीब 22.79 लाख स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी थी। केंद्र सरकार ने इसकी जांच सीबीआई को सौंपी है। एक तरह से युवाओं के भविष्य पर पानी फिर गया और इतने दिनों की मेहनत बर्बाद हो गई। विद्यार्थियों का पेपर भी सही हुआ था। बकायदा पेपर करवाने पर प्रशासन ने काफी तैयारियां की और खर्च हुआ।


