PBKS vs MI: पंजाब किंग्स गुरुवार रात धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 200 के स्कोर का बचाव करने में असफल रही। इसके साथ ही उसके नाम टी20 क्रिकेट के इतिहास का एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी जुड़ गया।
PBKS vs MI: आईपीएल 2026 में गुरुवार रात पंजाब किंग्स को लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस ने 201 रनों का लक्ष्य 6 विकेट शेष रहते ही हासिल कर लिया, जिसके बाद पंजाब के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। इस हार के साथ ही पीबीकेएस के नाम एक शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी जुड़ गया है। अब पंजाब टी20 क्रिकेट के इतिहास में 200 या उससे ज्यादा रनों के स्कोर का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन गई है।
टी20 मैचों में 200 से ज्यादा रनों के स्कोर का बचाव करते हुए पंजाब अब तक 10 मैच हार चुका है। इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर वेस्टइंडीज की टीम है, जिसने 8 मैचों में हार का सामना किया है। उसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 7 हार के साथ तीसरे और चेन्नई सुपर किंग्स 6 हार के साथ चौथे स्थान पर है।
T20 मैचों में 200+ रनों के स्कोर का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा हार
10 पंजाब किंग्स
8 वेस्टइंडीज
7 रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
6 चेन्नई सुपर किंग्स
शार्दुल की शानदार गेंदबाजी
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य (27) और प्रभसिमरन सिंह (57) की बदौलत एक मजबूत शुरुआत की। इन दोनों ने मिलकर 33 गेंदों में 50 रन जोड़े। इसके बाद प्रभसिमरन ने कूपर कोनोली के साथ मिलकर 57 रनों की साझेदारी की, जिससे पीबीकेएस 12वें ओवर में ही 100 रनों का आंकड़ा पार कर गया। फिर शार्दुल ठाकुर ने तीन गेंदों के अंदर ही प्रभसिमरन और कप्तान श्रेयस अय्यर (4) को आउट कर मैच का रुख मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया। इसके बावजूद पंजाब 200 रन बनाने में सफल रही।
तिलक वर्मा ने 33 गेंदों पर खेली नाबाद 75 रनों की पारी
मुंबई इंडियंस के चेज की अगुवाई रयान रिकेल्टन ने की, जिन्होंने 23 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। हालांकि पंजाब ने युजवेंद्र चहल के ज़रिए वापसी की और मुंबई का स्कोर 89 रन पर 3 विकेट कर दिया, लेकिन तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। तिलक ने पहले शेरफेन रदरफोर्ड के साथ मिलकर 61 रन जोड़े और बाद में विल जैक्स के साथ मिलकर एक गेंद शेष रहते ही जीत पक्की की।
Sports – Patrika | CMS





