बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया। जानकारी के अनुसार आगे चल रहे ट्रक में डामर भरा हुआ था। पीछे से आई तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक केबिन आगे वाले ट्रक के बीच में ही बुरी तरह फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की नहीं हो सकी पहचान पुलिस के अनुसार मृतक चालक की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को श्रीडूंगरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं घायल एक अन्य युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस जुटी हादसे की जांच में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान करने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है।


