हरदोई के बिलग्राम में भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान गंगा घाट पर हादसा हो गया। गंगा स्नान करते समय पांच बच्चे तेज धार में बह गए। इनमें 14 वर्षीय संध्या की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक किशोर लापता है। तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मृतक संध्या म्योरा मोड़ निवासी रविशंकर की पुत्री थी। वह देवी मंदिर में आयोजित भागवत कार्यक्रम की कलश यात्रा में शामिल होने नोखेपुरवा गंगा घाट गई थी। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में डूब गई। म्योरा निवासी राजेश का पुत्र ओम जी भी गंगा की धार में डूब गया, जिसकी तलाश जारी है। हादसे में डूब रहीं स्नेहा (12) पुत्री महेंद्र, सोनम (11) पुत्री सोनू और अंशी (14) पुत्री राकेश को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बचा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और गंगा में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद संध्या का शव बरामद कर लिया गया। लापता किशोर ओम जी की तलाश में पुलिस रात में भी सर्च ऑपरेशन चला रही है। मृतक संध्या दो बहनों में दूसरे नंबर पर थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिलग्राम सीएचसी पर रखवा दिया है।


