लखनऊ में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गुरुवार को बड़ा अभियान चलाया। काकोरी और दुबग्गा इलाके में करीब 50 बीघा जमीन पर विकसित की जा रहीं 10 अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह के मुताबिक, काकोरी थाना क्षेत्र के बरकटाबाद गांव में एलडीए की टीम ने छापेमारी की। यहां धनंजय तिवारी, उदय यादव, सुनील यादव, शिवानंद, मुन्ना, नागेंद्र, विनोद कुमार समेत अन्य लोगों द्वारा करीब 35 बीघा क्षेत्रफल में 6 अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थीं। टीम ने मौके पर सड़क, बाउंड्री और प्लॉटिंग से जुड़े निर्माणों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। वहीं प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि दुबग्गा थाना क्षेत्र के मौरा, बरावन कला, शेखपुरवा प्रेमराज और हलवापुर गांवों में भी कार्रवाई की गई। यहां राधेश्याम, फकरूद्दीन, डॉ. इशहाक, मोहम्मद नदीम, शकील समेत अन्य लोगों द्वारा करीब 15 बीघा जमीन पर 4 अवैध प्लाटिंग की जा रही थीं। एलडीए की टीम ने इन्हें भी ध्वस्त कर दिया। एलडीए अधिकारियों का कहना है कि बिना स्वीकृत मानचित्र और ले-आउट के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


