पुलिस ने ठेकों पर चोरी करने वाली गैंग पकड़ी:एक ही दिन में चार ठेकों के ताले तोड़कर की वारदात; एक दर्जन से ज्यादा सुअर चोरी भी कबूली

पुलिस ने ठेकों पर चोरी करने वाली गैंग पकड़ी:एक ही दिन में चार ठेकों के ताले तोड़कर की वारदात; एक दर्जन से ज्यादा सुअर चोरी भी कबूली

जयपुर में गलता गेट थाना पुलिस ने शराब के ठेकों और दुकानों में चोरी करने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बादल, समय और महेंद्र नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने 25 से ज्यादा नकबज़नी और चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस ने वारदात का सीसीटीवी मिलने के बाद आरोपियों की पहचान कर स्थानीय थाना क्षेत्र से पकड़ा। जांच में सामने आया कि गैंग सिर्फ शराब के ठेकों को ही निशाना नहीं बनाती थी, बल्कि शहर में सुअर चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दे रही थी। आरोपियों ने अब तक एक दर्जन से ज्यादा सुअर चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए एक सुअर को करीब 6 हजार रुपये में बेचा जाता था।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने एक ही दिन में शहर के चार अलग-अलग ठेकों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गलतागेट थाना प्रभारी धर्मसिंह का कहना है कि कई ऐसी घटनाएं भी सामने आई हैं जिनकी शिकायत तक दर्ज नहीं कराई गई थी। आरोपी देर रात ठेकों और दुकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताले तोड़कर नकदी व अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। फिलहाल गलता गेट थाना पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में शहर की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *