प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील का असर अब रामनगरी अयोध्या में भी दिखाई देने लगा है। अयोध्या नगर निगम ने बड़ा फैसला लेते हुए तय किया है कि अब सप्ताह में हर सोमवार को महापौर, पार्षद और नगर निगम के अधिकारी पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कारपूलिंग के जरिए कार्यालय पहुंचेंगे। नगर निगम की ओर से इस पहल की शुरुआत ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण बचाने और आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से की गई है। खास बात यह है कि महापौर का एस्कॉर्ट वाहन भी बंद कर दिया गया है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि जरूरत के अनुसार ही संसाधनों का उपयोग किया जाएगा और लोगों को भी ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिले और प्रदूषण कम हो। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सात नई इलेक्ट्रिक बसें जल्द शुरू की जाएंगी। इसके अलावा दो नए चार्जिंग पॉइंट भी बनाए जा रहे हैं। वहीं खराब पड़ी ई-बसों की मरम्मत का काम भी तेजी से चल रहा है। अगले दस दिनों में ई-बसों की संख्या 17 से बढ़ाकर 25 किए जाने की तैयारी है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने लोगों से भी ऊर्जा बचत और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील की।


