शहडोल के गुरा घाटी में पिकअप पलटी:बारातियों से भरी गाड़ी में आधा दर्जन घायल

शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र की गुरा घाटी में गुरुवार दोपहर बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन मऊ गांव से बारात लेकर बेहराहा लौट रहा था। वाहन में बड़ी संख्या में बाराती और दहेज का सामान भी रखा हुआ था। गुरा घाटी के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दहेज का सामान भी टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। घायलों में कुछ को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों को गंभीर चोटें लगी हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। दुर्घटनास्थल पर रीवा से शहडोल की ओर आ रही एक बस भी मौजूद थी। स्थानीय स्तर पर बस के परमिट और संचालन को लेकर चर्चा हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि उनकी प्राथमिकता घायलों का उपचार और दुर्घटना की जांच है। बस से संबंधित तथ्यों की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में वाहन का असंतुलित होना हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। ब्यौहारी पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *