मानक विपरीत हो रहा 900 वर्गमीटर अवैध निर्माण सील:केडीए द्वारा की गई कार्रवाई, 2500 वर्गमीटर में नोटिस जारी

मानक विपरीत हो रहा 900 वर्गमीटर अवैध निर्माण सील:केडीए द्वारा की गई कार्रवाई, 2500 वर्गमीटर में नोटिस जारी

कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने गुरुवार को अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जोन-1बी क्षेत्र में करीब 900 वर्गमीटर निर्माण सील कर दिया, जबकि लगभग 2050 वर्गमीटर क्षेत्रफल में नोटिस जारी किए गए। विशेष कार्याधिकारी प्रवर्तन (जोन-1बी) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। दो अवैध निर्माणों पर सीलिंग KDA टीम ने गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी में क्रिस्टल प्लाजा गेस्ट हाउस के पीछे प्लॉट संख्या 43 और 44 पर राघवेन्द्र सिंह व अन्य द्वारा लगभग 600 वर्गमीटर में किए जा रहे निर्माण को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, मानकों के विपरीत निर्माण के खिलाफ पहले पुलिस पत्र और कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण जारी रखा गया। बेसमेंट व अतिरिक्त तल बनता मिला इसी तरह ज्यौरा नवाबगंज स्थित विला नंबर-08, आराजी संख्या-61 (पार्ट) में राकेश मिश्रा, अमित मिश्रा व अन्य द्वारा लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्र में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बेसमेंट और अतिरिक्त तल का निर्माण किया जा रहा था। इस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।दोनों सील परिसरों को थाना नवाबगंज पुलिस की अभिरक्षा में सौंपने की प्रक्रिया जारी है। तीन अन्य निर्माणों को नोटिस प्रवर्तन टीम ने तीन अन्य निर्माणों को भी चिन्हित कर नोटिस जारी किए हैं। इनमें गंगा नगर हाउसिंग सोसाइटी स्थित श्री क्रिस्टल प्लाजा, शक्ति इंफ्रा विजन प्रा. लि. तथा बिसायकपुर बांगर स्थित सुनीता वर्मा के निर्माण शामिल हैं। इन सभी मामलों में निर्माणकर्ताओं द्वारा स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इन तीनों परिसरों में कुल लगभग 2050 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्माण कार्य पाया गया है। निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। KDA की अपील डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आमजन से अपील की कि भवन निर्माण से पहले KDA से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं और स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही निर्माण कार्य करें। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ भविष्य में भी सतत अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *