बदायूं में नगर पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने वार्ड 27 नई सराय नई बस्ती क्षेत्र में 14 लाख रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराना है। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने जहीर के मकान से गुड्डू के मकान तक और असलम के मकान से पप्पू के मकान तक बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता को बेहतर सड़क, स्वच्छ जल निकासी और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। फात्मा रज़ा ने बताया कि नई सराय नई बस्ती लंबे समय से टूटी सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रहा था। बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। मोहल्लेवासियों की मांग पर सड़क और नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है, जिससे अब उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। इस उद्घाटन समारोह में सभासद नाजरीन, रफी उददीन, हनीफ उददीन, सलमान, जहीर, मुजीब, फसी उददीन, मजीद, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी और गजेंद्र शाक्य सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


