सहारनपुर के कैलाशपुर में कब्रिस्तान के पास मिले अज्ञात युवक के शव का खुलासा कर दिया है। मृतक युवक की हत्या उसके दोस्त ने की थी। पुलिस ने आरोपी दोस्त अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान दादा उर्फ सुल्तान के रूप में हुई है। हत्या में इस्तेमाल ईंट और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। एसएसपी अभिनन्दन ने बताया कि 11 अप्रैल को गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के कैलाशपुर गांव में कब्रिस्तान के पास खेत में एक युवक का शव मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इन प्रयासों के बाद मृतक की पहचान दादा उर्फ सुल्तान के रूप में हुई। जांच के दौरान सामने आया कि सुल्तान की हत्या उसके दोस्त अब्दुल्ला ने की थी। एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी अब्दुल्ला को छपरेड़ी से ढाल्ला माजरा जाने वाले रास्ते पर निर्माणाधीन टंकी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी अब्दुल्ला ने बताया कि घटना वाले दिन वह और सुल्तान कैलाशपुर के पास एक बाग में बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान सुल्तान ने अब्दुल्ला की पत्नी को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई। गुस्से में आकर अब्दुल्ला ने एक ईंट से सुल्तान के सिर पर वार किया। जब सुल्तान जान बचाने के लिए भागने लगा, तो अब्दुल्ला ने पीछे से दोबारा ईंट मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी सुल्तान का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार,मृतक और आरोपी दोनों नशे के आदी थे और यह घटना भी नशे की हालत में ही हुई। पुलिस अब मृतक के परिजनों से संपर्क कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। इस हत्याकांड का खुलासा करने में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार,एसआई शिव कुमार और सुभाषचंद्र सहित गागलहेड़ी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


