नवविवाहिता की मौत, बहनोई ने हत्या का आरोप लगाया:यूपी-112 पर कॉल कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी

नवविवाहिता की मौत, बहनोई ने हत्या का आरोप लगाया:यूपी-112 पर कॉल कर फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हरदोई में पहले प्रसव के एक सप्ताह बाद एक नवविवाहिता की घर पर ही मृत्यु हो गई। इस मामले में युवती के बहनोई ने हत्या का आरोप लगाते हुए यूपी-112 पर कॉल किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह घटना बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बख्शीपुर गांव की है। मनीराम ने अपनी 20 साल की पुत्री निधि का विवाह पिछले साल 7 जून को शाहाबाद कोतवाली के सिकंदरपुर कल्लू निवासी रामदेव से किया था। निधि गर्भवती थी और एक सप्ताह पहले ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उसका प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद वह अपने घर लौट आई थी। बुधवार सुबह निधि की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मृत्यु हो गई। इसी बीच, निधि के बहनोई रामसागर, जो सहरुआ, थाना मझिला के निवासी हैं, दोपहर में उसकी ससुराल पहुंचे। उन्होंने वहां अपनी साली की हत्या का आरोप लगाते हुए यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही रामसागर वहां से फरार हो गए। थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या की सूचना देने वाले बहनोई की तलाश की जा रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों और आरोपों की सच्चाई का पता चल पाएगा। फिलहाल, मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *