सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट बुधवार को जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मेरठ के केएल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अंश सिंघल ने 98.6 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में टॉप किया। साइंस स्ट्रीम के छात्र अंश की इस उपलब्धि से परिवार और स्कूल में उत्साह का माहौल है।साइंस स्ट्रीम से पढ़ाई करने वाले अंश अब IIT दिल्ली से कंप्यूटर साइंस में BTech करना चाहते हैं। अंश के पास फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स, इंग्लिश और वोकल म्यूजिक विषय थे। उन्होंने बताया कि उनका पसंदीदा विषय मैथ्स है। रिजल्ट आने के बाद जिला टॉपर बनने की खबर सुनकर उन्हें बेहद खुशी हुई। अंश ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे नियमित पढ़ाई, NCERT पर मजबूत पकड़ और हर चैप्टर के डाउट समय रहते क्लियर करना सबसे बड़ा कारण रहा। उन्होंने कहा कि अगर किसी टॉपिक में डाउट रह जाए तो वही आगे चलकर परेशानी बनता है, इसलिए हर कॉन्सेप्ट को उसी समय अच्छी तरह समझना जरूरी है। अंश ने बताया कि उन्होंने किसी खास ट्रिक के बजाय बेसिक पढ़ाई पर ज्यादा फोकस किया। खासतौर पर NCERT को कई बार रिवाइज किया, जिसका परीक्षा में काफी फायदा मिला। अंश ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य JEE Advanced परीक्षा है, जिसका एग्जाम 17 मई को होना है। उन्होंने कहा कि आगे चलकर पहले अच्छी नौकरी करना चाहते हैं और उसके बाद अपना बिजनेस शुरू करने का प्लान है। अंश के पिता आलोक कुमार सिंघल सर्विस करते हैं जबकि उनकी मां रीचा सिंघल हाउसवाइफ हैं। अंश ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। अंश ने कहा कि स्कूल और पेरेंट्स का इस पूरी तैयारी में बहुत बड़ा योगदान रहा। स्कूल में लगातार मॉक टेस्ट और प्रैक्टिस पेपर कराए गए, जिससे तैयारी मजबूत होती गई। साथ ही टीचर्स ने यह भी बताया कि किन जगहों पर छात्र सबसे ज्यादा मार्क्स लूज करते हैं। अंश ने कहा कि पेरेंट्स ने हर प्रोजेक्ट और पढ़ाई में पूरा सपोर्ट किया, जिसकी वजह से आज वह यह लक्ष्य प्राप्त कर पाए । आगे की पढ़ाई को लेकर अंश ने कहा कि उनका लक्ष्य इंजीनियरिंग करना है। वह IIT से कंप्यूटर साइंस ब्रांच में BTech करना चाहते हैं। अन्य छात्रों को संदेश देते हुए अंश ने कहा कि पढ़ाई ऐसी करनी चाहिए जिसमें हर डाउट क्लियर हो जाए और बेसिक किताबों, खासकर NCERT, पर सबसे ज्यादा फोकस रखना चाहिए।


