एसपी ने कराया ऑनलाइन स्व-गणना पंजीकरण:आमजन से अभियान में सहभागिता की अपील, कहा- आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी

एसपी ने कराया ऑनलाइन स्व-गणना पंजीकरण:आमजन से अभियान में सहभागिता की अपील, कहा- आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी

देवरिया जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत स्व-गणना अभियान जारी है। इस अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जनगणना प्रभारी रामशंकर की उपस्थिति में अपनी ऑनलाइन स्व-गणना पूरी की। यह स्व-गणना अभियान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना स्वयं करने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने स्व-गणना के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने आमजन से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी को अपनी स्व-गणना अवश्य करानी चाहिए, जिससे जनगणना के द्वितीय चरण के दौरान गणनाकर्मियों को काफी सुविधा मिलेगी। एसपी ने यह भी बताया कि स्व-गणना पूरी होने के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखना आवश्यक है। जब गणनाकर्मी घर आएं तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनगणना प्रक्रिया आसानी और तेजी से संपन्न हो सके। अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना प्रभारी रामशंकर ने जानकारी दी कि स्व-गणना का प्रथम चरण 7 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगा। उन्होंने बताया कि यह सुविधा आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि लोग अपने मोबाइल या अन्य ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी सरलता से दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में ऑनलाइन स्व-गणना कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। प्रशासन का मानना है कि इससे जनगणना कार्य अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और सुगम तरीके से पूरा किया जा सकेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *