लटेरी-शमशाबाद रोड पर दिखा तेंदुआ:गाय का किया शिकार; रास्ते से गुजर रहे लोगों ने वीडियो बनाया

लटेरी-शमशाबाद रोड पर दिखा तेंदुआ:गाय का किया शिकार; रास्ते से गुजर रहे लोगों ने वीडियो बनाया

विदिशा जिले के लटेरी-शमशाबाद रोड पर तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्राम झुकर जोगी के पास बीती रात सड़क किनारे तेंदुआ देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, रात के समय एक परिवार कार से लटेरी-शमशाबाद मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे तेंदुआ नजर आया। कार चालक ने तुरंत गाड़ी रोककर मोबाइल से वीडियो बना लिया। वीडियो में कार के अंदर बैठे महिला और बच्चों की घबराई हुई आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। कुछ देर सड़क किनारे घूमता रहा तेंदुआ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेंदुआ कुछ देर तक सड़क किनारे घूमता रहा। इसके बाद कार सवारों ने हेडलाइट की रोशनी में उसे देखने की कोशिश की, लेकिन रोशनी पड़ते ही तेंदुआ वहां से हटकर पास के गड्ढे में छिप गया। गाय का शिकार करने का भी वीडियो सामने आया एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ एक गाय को खाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने इलाके में एक गाय का शिकार किया है। इसके बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल और बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय लोग अब घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास के जंगल और सुनसान इलाकों में पिछले कुछ दिनों से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *