PBKS vs DC: पंजाब किंग्स ने लगातार सातवीं बार इस सीजन बनाया 200 से ज्यादा का स्कोर, प्रियांश और श्रेयस के बाद शेडगे ने खेली तूफानी पारी

PBKS vs DC: पंजाब किंग्स ने लगातार सातवीं बार इस सीजन बनाया 200 से ज्यादा का स्कोर, प्रियांश और श्रेयस के बाद शेडगे ने खेली तूफानी पारी

Punjab Kings vs Delhi Capitals, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 55वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जा रहा है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर और प्रियांश आर्या के अर्धशतकों के बाद सूर्यांश शेडगे की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की मदद से दिल्ली कैपिटल्स को 211 रनों का लक्ष्य दिया है।

प्रियांश आर्य का तूफानी अर्धशतक

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में किंग्स ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 210 रन बना दिए। प्रियांश आर्य ने प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इन सलामी बल्लेबाजों ने 41 गेंदों में 78 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन 15 गेंदों में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी इस पारी में 3 चौके शामिल रहे। इसके बाद टीम को प्रियांश आर्य के रूप में दूसरा झटका लगा, जिन्होंने 33 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों के साथ 56 रन बनाए।

श्रेयस अय्यर ने भी की शानदार बल्लेबाजी

पंजाब किंग्स ने 97 के स्कोर तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को खो दिया था। यहां से कूपर कोनोली ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 83 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। कूपर कोनोली 27 गेंदों में 2 छक्कों और 3 चौकों के साथ 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

सूर्यांश शेडगे ने फिनिश किया

पंजाब किंग्स ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर मार्कस स्टोइनिस (1) का विकेट गंवाया। अगली गेंद पर मिचेल स्टार्क ने शशांक सिंह (0) को भी आउट कर दिया। सूर्यांश शेडगे और श्रेयस अय्यर ने छठे विकेट के लिए 10 गेंदों में 23 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया।

अय्यर 36 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 59 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सूर्यांश ने 8 गेंदों में 2 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 21 रन जोड़े। डीसी की तरफ से मिचेल स्टार्क और माधव तिवारी को 2-2 विकेट हाथ लगे। मुकेश कुमार ने 1 विकेट हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *