डीडवाना जिले के रामसाबास गांव में कस्टोडियन भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। गांव में 100 वर्षों से अधिक समय से रह रहे मेघवाल समाज के परिवारों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने कुछ लोगों पर उन्हें पुश्तैनी घरों से बेदखल करने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि रामसाबास में विभिन्न खसरा नंबरों की लगभग 19.7181 हेक्टेयर भूमि पर करीब 10 परिवार पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं। यह भूमि राजस्व रिकॉर्ड में कस्टोडियन के नाम दर्ज है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाडाबास निवासी कुछ लोग इस भूमि पर अपना दावा कर रहे हैं और वहां बसे परिवारों को जबरन हटाने का प्रयास कर रहे हैं। मेघवाल समाज के परिवारों ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी लोग उन्हें गांव में नहीं रहने देने की धमकियां दे रहे हैं। उनके अनुसार आए दिन मारपीट और बेदखल करने की धमकियों के कारण समाज के लोग परेशान हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय मेघवाल समाज के डालूराम, प्रहलाद, गोपाल, बाबूलाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


