हांसी में एक मैरिज पैलेस में लिफ्ट टूटने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। रविवार शाम हुई इस घटना में उसकी दोनों टांगें और एक हाथ टूट गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान इंदिरा कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के समय राकेश एक ठेकेदार के साथ शादी समारोह में काम करने के लिए मैरिज पैलेस में मौजूद था। 2 मजिल ऊपर से गिरी लिफ्ट राकेश लिफ्ट का उपयोग कर सामान ऊपर पहुंचा रहा था, तभी अचानक लिफ्ट में तकनीकी खराबी आ गई। इसके परिणामस्वरूप, लिफ्ट लगभग दो मंजिल ऊपर से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राकेश के साथी मजदूरों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचित किया। घायल के छोटे भाई मुकेश मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से राकेश को अस्पताल पहुंचाया। ठेकेदार ने जिम्मेदारी लेने से इनकार किया प्रारंभिक उपचार के लिए राकेश को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि वे आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज कराने का प्रयास कर रहे हैं। घायल के भाई मुकेश ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में ठेकेदार से बात की, लेकिन ठेकेदार ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। ठेकेदार का कहना था कि यह हादसा मैरिज पैलेस की लिफ्ट में खराबी के कारण हुआ है और इसमें उसकी कोई गलती नहीं है। वहीं मैरिज पैलेस संचालक ने इस घटना पर कहा कि उसने पहले ही सभी को लिफ्ट का उपयोग न करने की चेतावनी दी थी, क्योंकि उसमें तकनीकी खराबी थी। परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग मुकेश ने बताया कि राकेश कुमार तीन बच्चों का पिता है। परिवार में दो बेटियां और करीब एक साल का एक छोटा बेटा है। बेटियां पढ़ाई कर रही हैं जबकि पत्नी गृहिणी है। परिवार की पूरी जिम्मेदारी राकेश के कंधों पर थी। अब हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घायल राकेश की हालत देखकर उसकी बेटियों की आंखों में अपनी पढ़ाई और भविष्य को लेकर चिंता साफ दिखाई दे रही है। परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


