नर्स: सेवा, समर्पण और संवेदना की प्रतिमूर्ति

नर्स: सेवा, समर्पण और संवेदना की प्रतिमूर्ति

नर्स शब्द सुनते ही मन में उस मूरत की कल्पना होने लगती है, जिसमें दया, करुणा, अपनापन, विज्ञान और कला को मिलाकर अस्वस्थ व्यक्तियों की देखभाल की गुरुतर जिम्मेदारी होती है। वास्तव में नर्स चिकित्सा जगत की वह बुनियाद होती हैं, जो उचित परामर्श देकर स्वास्थ्य संवर्धन और बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित करती हैं। यह कहना भी कम होगा कि नर्स स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में रीढ़ की हड्डी के रूप में कार्य करती हैं, बल्कि वे इससे भी कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण हैं।

वास्तव में नर्सिंग की नींव से तात्पर्य उन मूल सिद्धांतों, मूल्यों और ज्ञान से है, जिन पर यह संपूर्ण पेशा टिका हुआ है। ये व्यापक अवधारणाएं हैं, जो नर्सों द्वारा रोगी की देखभाल करने और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली से संवाद करने के तरीके को प्रभावित करती हैं। इस नींव में नैतिक, सैद्धांतिक और दार्शनिक ढांचे भी शामिल हैं, जो नर्सिंग अभ्यास का मार्गदर्शन करते हैं। साथ ही, एक पेशे के रूप में नर्सिंग के इतिहास और विकास की समझ भी इसमें सम्मिलित है। इन्हीं को याद करने, प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए हर वर्ष 12 मई को अलग-अलग थीम के साथ अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है।

इस दिन नर्सिंग समुदाय को सम्मान देने और उनकी जिम्मेदारियों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर मिलता है। नर्सों के निस्वार्थ योगदान और स्वास्थ्य सेवा में उनकी अहम भूमिका को मान्यता देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय नर्स परिषद ने वर्ष 1974 में पहली बार यह दिवस मनाया था। इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेज 1965 से अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाता आ रहा है। वर्ष 1974 में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के सम्मान में 12 मई को इस दिवस की आधिकारिक तिथि घोषित की गई। फ्लोरेंस नाइटिंगेल आधुनिक नर्सिंग की संस्थापक और प्रसिद्ध समाज सुधारक थीं। उन्हें क्रीमियन युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की सेवा के लिए ‘लेडी विद द लैंप’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने नर्सिंग को सम्मानजनक पेशा बनाया, स्वच्छता के नियम स्थापित किए और सांख्यिकी के माध्यम से स्वास्थ्य सुधारों को बढ़ावा दिया। उन्होंने नर्सिंग के प्रति लोगों की सोच बदल दी और आधुनिक नर्सिंग को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सच कहें तो नर्स ही वह व्यक्तित्व होती है, जो डॉक्टर के बाद लोगों के जीवन के सबसे कठिन क्षणों में पल-पल देखभाल करती है। वे उपचार में सहयोग देती हैं, परिवारों को सांत्वना देती हैं, डॉक्टरों की सहायता करती हैं और रोगियों का मार्गदर्शन करते हुए स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सुचारु रूप से चलाने में मदद करती हैं। यह सब उन्हें दिए गए व्यापक प्रशिक्षण से संभव हो पाता है। वे प्रशिक्षित होकर मानवता के प्रति और अधिक समर्पण भाव से कार्य करती हैं। नर्सें केवल रोगी के शारीरिक स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि उसकी भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक आवश्यकताओं का भी ध्यान रखती हैं। रोगी-केंद्रित यही दृष्टिकोण नर्सिंग पेशे की आधारशिला है।

इसके अलावा, नर्सिंग की बुनियाद एक मजबूत सैद्धांतिक ढांचे के महत्त्व पर भी जोर देती है। नर्सिंग शिक्षा में फ्लोरेंस नाइटिंगेल, वर्जीनिया हेंडरसन और जीन वाटसन द्वारा विकसित महत्त्वपूर्ण सिद्धांतों को समझाया जाता है, जिससे नर्सों को चिकित्सकीय परिस्थितियों में साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में सहायता मिलती है। इसकी नींव में स्वास्थ्य सेवा के कानूनी और नैतिक पहलू भी शामिल हैं। उन्हें रोगी के अधिकारों, गोपनीयता और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के रूप में अपने विधिक दायित्वों को समझने का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इसमें अंतर-पेशेवर सहयोग की समझ भी शामिल है, क्योंकि नर्सें रोगियों की व्यापक देखभाल के लिए अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों के साथ मिलकर काम करती हैं।

दुनिया भर में हर दिन नर्सें अनगिनत जीवन बचाने में स्वास्थ्य तंत्र का अमूल्य हिस्सा बनती हैं। बीमार की तीमारदारी में नर्स की भूमिका सभी ने देखी है। निश्चित रूप से नर्स का पेशा आम लोगों के लिए भले ही जीविकोपार्जन का साधन लगे, लेकिन नर्सों के लिए यह सेवा और समर्पण का माध्यम है। वे पूरी तन्मयता और जिम्मेदारी से अपने मरीज की निगरानी और देखभाल करती हैं तथा उसके जीवन को बेहतर और स्वस्थ बनाने में जुटी रहती हैं। सही मायनों में चिकित्सक के बाद यदि ईश्वर का दूसरा रूप कोई है, तो वह नर्स ही हैं। उन्हें सैल्यूट और आभार अवश्य बनता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *