खरगोन में सहकारिता एवं जिले के प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग सोमवार को जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में पहुंचे। बैठक से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनता से की गई अपील का समर्थन किया। मंत्री सारंग ने प्रधानमंत्री की कम तेल खाने, कम ईंधन खर्च करने और एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से ये महत्वपूर्ण बातें कही थीं। सारंग ने बताया कि वर्तमान में युद्ध के कारण पूरी दुनिया में ईंधन और पेट्रोल-डीजल पर व्यापक असर दिख रहा है। तेल की खपत कम होने से हमारी विदेशी मुद्रा बचेगी। उन्होंने यह भी कहा कि तेल की कम खपत से देश और काया दोनों शुद्ध रहेंगे। सारंग ने मोदीजी द्वारा विदेश में डेस्टिनेशन शादी पर फिजूलखर्ची न करने के आग्रह का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री को समाज को सही दिशा दिखाने वाला नेता बताया। सलाहकार समिति की बैठक में हिस्सा लिया
दोपहर में मंत्री ने जिला सलाहकार समिति की बैठक में हिस्सा लिया। रेस्ट हाउस में उनसे सब्जी विक्रेता भी मिले, जिन्होंने ठेले हटाने का विरोध किया। मंत्री ने अधिकारियों को उनके उचित स्थान पर विस्थापन के निर्देश दिए। इसके बाद दोपहर 2 बजे सारंग भाजपा कोर कमेटी और भाजपा मंडल अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने सरकार और संगठन के बीच समन्वय से जनता के कार्यों को प्राथमिकता से करने का आग्रह किया। बैठक के बाद वे हरदा के लिए रवाना हो गए।


