Jewellery Stocks Crash: PM मोदी की एक अपील और लड़खड़ाकर गिर गए टाइटन, कल्याण ज्वैलर्स समेत इन जूलरी कंपनियों के शेयर

Jewellery Stocks Crash: PM मोदी की एक अपील और लड़खड़ाकर गिर गए टाइटन, कल्याण ज्वैलर्स समेत इन जूलरी कंपनियों के शेयर

Jewellery Stocks Crash: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील ने सोमवार को शेयर बाजार में जूलरी कंपनियों के शेयरों की चमक फीकी कर दी। सोना खरीदने को कुछ समय के लिए टालने की सलाह क्या आई, बाजार ने इसे सीधे कारोबार पर खतरे के संकेत की तरह लिया। नतीजा, टाइटन से लेकर कल्याण ज्वेलर्स तक ज्यादातर जूलरी शेयर धड़ाम हो गए। सबसे ज्यादा दबाव उन कंपनियों पर दिखा जिनका बड़ा कारोबार गोल्ड जूलरी से जुड़ा है। सुबह बाजार खुलते ही बिकवाली ऐसी शुरू हुई कि कई शेयर देखते ही देखते 5 से 10 फीसदी तक टूट गए। निवेशकों में डर बैठ गया कि अगर लोग सच में सोना खरीदना कम कर देते हैं, तो आने वाले महीनों में कंपनियों की बिक्री पर असर पड़ सकता है।

12% तक लुढ़क गए शेयर

तनिष्क ब्रांड के तहत जूलरी बेचने वाली टाइटन कंपनी का शेयर करीब 6 फीसदी से ज्यादा टूट गया। कल्याण ज्वैलर्स इंडिया (Kalyan Jewellers India) में 8 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। वहीं Senco Gold और Sky Gold And Diamonds जैसे शेयरों में तो भगदड़ जैसी स्थिति दिखी। Sky Gold करीब 12 फीसदी तक लुढ़क गया, जबकि Senco Gold में 10 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। इसके अलावा PN Gadgil Jewellers, PC Jeweller और Tribhovandas Bhimji Zaveri के शेयर भी टूट गए। बाजार का माहौल ऐसा था कि अच्छे नतीजे भी निवेशकों का भरोसा नहीं बचा पाए।

1 साल तक सोना न खरीदने की अपील

दरअसल, रविवार को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संकट की वजह से भारत पर विदेशी मुद्रा बचाने का दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगले एक साल तक शादी-ब्याह के लिए भी सोना खरीदने से बचें। साथ ही पेट्रोल-डीजल की बचत करने और विदेश यात्रा टालने की भी सलाह दी। पीएम की इस बात को बाजार ने हल्के में नहीं लिया। निवेशकों को लगा कि अगर सरकार लगातार बचत और खर्च कम करने की बात कर रही है, तो इसका असर लग्जरी और ज्वेलरी सेक्टर पर पड़ सकता है। बस फिर क्या था, सोमवार को इन शेयरों में ताबड़तोड़ बिकवाली शुरू हो गई।

मार्च तिमाही के नतीजे रहे मजबूत

दिलचस्प बात यह रही कि जिन कंपनियों के शेयर टूटे, उनके मार्च तिमाही के नतीजे काफी मजबूत रहे थे। टाइटन कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 35 फीसदी बढ़कर 1,179 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी की आय भी करीब 78 फीसदी बढ़ी। महंगे सोने के बावजूद टाइटन के जूलरी कारोबार में जोरदार ग्रोथ देखने को मिली। टाटा ग्रुप की इस कंपनी ने निवेशकों के लिए 15 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया। ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal का मानना है कि तनिष्क ब्रांड की पकड़ बाजार में अभी भी बेहद मजबूत है और आने वाले समय में गोल्ड प्राइस स्थिर रहने पर कंपनी को और फायदा मिल सकता है।

दोगुने से ज्यादा बढ़ा कल्याण ज्वैलर्स का मुनाफा

उधर Kalyan Jewellers India ने भी दमदार कमाई दिखाई। कंपनी का मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़कर 409 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। रेवेन्यू में भी 66 फीसदी की तेजी रही। कंपनी ने 2.5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की घोषणा की है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि दक्षिण भारत के बाहर कल्याण ज्वेलर्स की पकड़ तेजी से मजबूत हो रही है। फ्रेंचाइजी मॉडल के जरिए कंपनी तेजी से विस्तार कर रही है, जिससे आने वाले समय में मुनाफा और बढ़ सकता है। हालांकि, अब निवेशकों को डर है कि अगर सोने की मांग पर असर पड़ा, तो जूलरी सेक्टर की रफ्तार धीमी पड़ सकती है। यही वजह है कि मजबूत नतीजों के बावजूद सोमवार को इन शेयरों की जमकर पिटाई हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *