बुलंदशहर में एक युवक ने शादी के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि वह ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का शिकार हुआ है। थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में एसपी देहात को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजघाट निवासी पवन कुमार पुत्र हरिद्वारी लाल शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 3 मई 2026 को काजल पुत्री राजेश के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि यह विवाह बिचौलिये सूरज कुमार और उसके साथ आई एक महिला ने कराया था। बिचौलियों ने लड़की पक्ष को गरीब बताकर शादी और घरेलू सामान के नाम पर लगभग दो लाख रुपये नकद ले लिए थे। पीड़ित का आरोप है कि शादी के बाद न तो कोई घरेलू सामान दिया गया और न ही लड़की ने वैवाहिक जीवन में रुचि दिखाई। युवक के अनुसार, युवती का व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध था और वह आए दिन विवाद करती रहती थी। विरोध करने पर लड़की पक्ष और बिचौलियों द्वारा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जाने लगी।
तहरीर के मुताबिक, 8 मई को युवती अपना सामान लेकर दीनदयाल चौराहा नरौरा से बस में बैठकर अपने घर चली गई। बाद में फोन पर संपर्क करने पर पहले उसके घर पहुंचने की पुष्टि की गई, लेकिन जब कार्रवाई की बात कही गई तो पूरे परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी गई। पीड़ित युवक ने इस मामले को शादी के नाम पर सुनियोजित धोखाधड़ी, ठगी और मानसिक उत्पीड़न बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एसपी देहात को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


