नेपाल (Nepal) की राजधानी काठमांडू (Kathmandu) के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Tribhuvan International Airport) पर आज, 11 मई, सोमवार को एक डराने वाला मामला सामने आया। लैंडिंग के दौरान तुर्की एयरलाइंस के एक विमान के टायरों में आग लग गई। विमान तुर्की की राजधानी इस्तांबुल से काठमांडू जा रहा था। जिस समय विमान लैंड कर रहा था, उसी समय उसके दाहिने टायरों में आग लग गई, जिससे विमान में सवार लोगों में हड़कंप मच गया।
289 लोगों की अटकी सांस
विमान के टायरों में आग लगने की वजह से उसमें सवार 289 लोगों की सांस अटक गई। इनमें 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर्स शामिल थे। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल थे। हालांकि इनमें से कोई भी हताहत नहीं हुआ और सभी को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया। लोगों को इमरजेंसी दरवाजों के ज़रिए बाहर निकाला गया। नेपाल की सिविल एविएशन अथॉरिटी ने इसकी पुष्टि की।
आग पर पाया गया काबू
लैंडिंग के समय टायरों में आग लगने से हड़कंप मच गया, लेकिन कुछ ही देर में फायर इंजन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी।
किस वजह से हुआ हादसा?
यह हादसा किस वजह से हुआ, फिलहाल इसका पता नहीं चला है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लैंडिंग गियर में किस वजह से आग लगी। इस घटना को लेकर एयरपोर्ट या एयरलाइन कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बढ़ रहे हैं विमान हादसे
नेपाल में आज हुए विमान हादसे की वजह से भले ही जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन फिर भी यह एक चिंताजनक घटना थी। दुनियाभर में विमान हादसे बढ़ रहे हैं। पिछले दो सालों में अब तक कई बड़े विमान हादसों के मामले सामने आए हैं, जिनकी वजह से कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है।


