गोंडा में अयोध्या-गोंडा रेलवे ट्रैक पर रविवार शाम एक मालगाड़ी की चपेट में आने से लगभग 35 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। आरपीएफ चौकी प्रभारी एसपी चौबे ने बताया कि कटरा से टिकरी रेलवे ट्रैक के बीच रेलवे पोल संख्या 22/27 के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा मिला था। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष विश्वास चतुर्वेदी के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे मनकापुर से अयोध्या की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत होने की आशंका है। रेलवे के मेमो पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि महिला के पास से एक पर्स, 1200 रुपए नकद और अयोध्या का एक रेलवे टिकट बरामद हुआ है। पुलिस और आरपीएफ की टीमें महिला की शिनाख्त के साथ-साथ घटना की विस्तृत जांच में जुटी हुई हैं।


