बाराबंकी में डीआईजी सोमेन वर्मा ने किया निरीक्षण:फतेहपुर कोतवाली में अभिलेखों, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की

बाराबंकी में डीआईजी सोमेन वर्मा ने किया निरीक्षण:फतेहपुर कोतवाली में अभिलेखों, लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की

बाराबंकी में अयोध्या मंडल के डीआईजी सोमेन वर्मा ने रविवार शाम फतेहपुर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने विभिन्न महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से परीक्षण किया। इनमें ग्राम प्रहरी रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, मालखाना रजिस्टर, रजिस्टर नंबर-8, महिला अपराध रजिस्टर, जनसूचना रजिस्टर, शस्त्र रजिस्टर, मुकदमा पंजीयन रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, मीडिया सेल, साइबर हिस्ट्रीशीटर और गुंडा रजिस्टर शामिल थे। डीआईजी ने अभिलेखों को अद्यतन रखने, प्रविष्टियों की शुद्धता सुनिश्चित करने और दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए। वहीं लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की और संबंधित विवेचकों से मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण करने का निर्देश दिया, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। उन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए, जिससे आमजन का विश्वास मजबूत हो सके। इस निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और कोतवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *