सलूंबर के महूडी में हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा:101 गंगाजल के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, भक्ति में डूबा पूरा गांव

सलूंबर जिले के महूडी गांव में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महुडी ग्रामवासियों एवं पटेल समाज के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा और अन्य मंदिरों में कलश स्थापना की गई। यह आयोजन छोटी सत्ता जगन्नाथ पुरी उड़ीसा एवं वेधनाथ महादेव झाड़ोल के संत रामकृष्ण दास महाराज के सानिध्य में हुआ। गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई महोत्सव के तहत गांव में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें पूरा गांव भक्तिमय रंग में डूबा नजर आया। श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “बजरंगबली” के जयकारों के साथ ढोल-नगाड़ों पर नाचते-गाते हुए गांव के विभिन्न मार्गों से प्रतिष्ठा स्थल पहुंचे। इस दौरान भक्ति, उत्साह और धार्मिक उमंग का अद्भुत वातावरण बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। वैदिक मंत्रो के साथ पूजा अर्चना धार्मिक अनुष्ठानों के क्रम में संकट मोचन हनुमान मंदिर के कलश एवं ध्वजादंड के साथ खाखल देव मंदिर, महादेव मंदिर और माताजी मंदिर के कलश एवं ध्वजादंड को विधिवत यज्ञशाला में लाया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संकट मोचन हनुमान मंदिर की प्रतिमा, शिव मंदिर के शिवलिंग तथा सभी मंदिरों के कलश एवं ध्वजादंड का पूजन-अनुष्ठान संपन्न हुआ। 101 गंगाजल कलशों के साथ निकाली यात्रा रविवार को आयोजित 101 गंगाजल कलशों की भव्य शोभायात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं, वहीं बच्चे और युवा भक्ति गीतों पर झूमते दिखाई दिए। इसके उपरांत संकट मोचन हनुमान मंदिर में ध्वजादंड एवं कलश स्थापना, महाआरती और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। धार्मिक रीति रिवाज के साथ कार्यक्रम संपन्न इसी के साथ, गांव के महादेव मंदिर में शिवलिंग स्थापना तथा खाखल देव मंदिर और माताजी मंदिर सहित तीनों मंदिरों के शिखरों पर कलश एवं ध्वजादंड स्थापना भी धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्साह, श्रद्धा और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *