महराजगंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनौली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक युवक को 390 प्रतिबंधित इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सोनौली के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। उप-निरीक्षक अरविंद कुमार, उप-निरीक्षक दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल भानुप्रताप सिंह और कांस्टेबल प्रशांत राय क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान धौरहरा सर्विस लेन स्थित पावर हाउस के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 130 एम्पुल डाईजापाम इंजेक्शन, 130 एम्पुल बुप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन और 130 एम्पुल प्रोमेथाज़ीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन बरामद हुए। कुल 390 प्रतिबंधित इंजेक्शन मिलने पर पुलिस ने युवक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समीर अहमद (लगभग 23 वर्ष) पुत्र हैदर अली के रूप में हुई है। वह ग्राम बैरवा चंदनपुर, खोरिया बाजार, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज का निवासी है। पुलिस के अनुसार, समीर पांचवीं तक शिक्षित है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी तथा अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 40/2026, धारा 8/22/23 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


