सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र में अमलोरी पुलिया के पास रेलवे ट्रैक पर एक 25 साल के युवक का शव मिला है। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया था। यह हादसा शनिवार देर रात करीब 12 बजे के करीब हुआ। मृतक की पहचान दिलीप कोल के रूप में हुई है। रात में सूचना मिलते ही नवानगर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी हाउस में रखवा दिया है, जहां रविवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। हादसे और आत्महत्या के बीच उलझी गुत्थी नवानगर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच से यह तो साफ है कि युवक की मौत ट्रेन से कटने की वजह से हुई है, लेकिन अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह कोई दुर्घटना है या युवक ने खुदकुशी की है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक इतनी रात को रेलवे ट्रैक तक कैसे और क्यों पहुंचा था। जांच में जुटी पुलिस पुलिस अब मृतक के परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है।


