पानीपत के सनौली रोड पर छाजपुर बायपास के पास शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। युवक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है। सबसे हृदयविदारक बात यह है कि युवक की पत्नी किसी भी वक्त अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली है, लेकिन उसे देखने के लिए अब पिता जीवित नहीं रहा। गन्नौर से लौटते वक्त हुआ हादसा गांव कुराड़ निवासी अंकित शनिवार को किसी काम से सोनीपत के गन्नौर गया था। शाम करीब 6 बजे जब वह अपनी बाइक पर वापस लौट रहा था, तब छाजपुर बायपास स्थित स्टेडियम के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। स्टेडियम में खेल रहे बच्चों ने जब अंकित को देखा, तो उन्होंने उसकी पहचान की और तुरंत परिजनों को सूचित किया। कल घर आनी थी खुशियां, आज उठा जनाजा मृतक के ताऊ के बेटे साहिल ने बताया कि अंकित की पत्नी मीनाक्षी 9 माह की गर्भवती है। डॉक्टरों के अनुसार आज या कल में ही उसकी डिलीवरी होनी तय है। घर में नए सदस्य के आगमन की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। अंकित अपने पीछे एक 2 साल का बेटा और रोती-बिलखती गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़: पहले पिता, फिर बड़ा भाई और अब अंकित अंकित के परिवार का इतिहास काफी दुखद रहा है। अंकित अब अपनी दो बहनों का इकलौता भाई बचा था। पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बायपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा सके।


