बरेली जिला अस्पताल से एक बुजुर्ग द्वारा अपनी गंभीर रूप से बीमार पत्नी को रिक्शे पर ले जाने का वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो ने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता और व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में महिला कमजोर हालत में रिक्शे पर लेटी दिखाई दे रही है, जबकि बुजुर्ग उसे संभालते हुए अस्पताल प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त कर रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। कई लोग इसे स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का प्रतीक बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग अपनी पत्नी को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि घंटों इंतजार के बावजूद महिला को न तो उचित इलाज मिला और न ही समय पर भर्ती किया गया। इससे थक-हारकर बुजुर्ग ने अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने का फैसला किया। अस्पताल परिसर से बाहर निकलते समय कोई वाहन नहीं मिलने पर उसने रिक्शे का सहारा लिया। वायरल वीडियो में बुजुर्ग को यह कहते सुना जा सकता है कि “अगर इलाज नहीं मिलना है तो घर पर ही मर जाए।” उसकी आवाज में बेबसी और गुस्सा साफ झलक रहा था। इस मामले पर अस्पताल प्रशासन ने अपनी सफाई पेश की है। एडी एसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित के अनुसार, महिला पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी और उसका इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि महिला का ब्लड शुगर काफी बढ़ा हुआ था और सांस लेने में परेशानी होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर करने का निर्णय लिया गया था। प्रशासन का दावा है कि बुजुर्ग को रेफर की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन वह नाराज होकर बिना किसी सूचना के मरीज को अस्पताल से बाहर ले गया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने यह वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


