नई दिल्ली में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री गौरव तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है। उन्होंने विंध्य क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए ‘रीवा-दुर्ग एक्सप्रेस’ ट्रेन शुरू करने की मांग रखी है। इसके साथ ही महानगरों से पार्थिव देह को न्यूनतम खर्च में घर लाने की व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया है। रेल मंत्री ने इन प्रस्तावों पर विचार करने का भरोसा दिया है। गौरव तिवारी ने रेल मंत्री को बताया कि रीवा संभाग सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के हजारों लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के सिलसिले में छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई और रायपुर जाते हैं। सीधी रेल सेवा नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इस वजह से यात्रियों का समय और पैसा दोनों अधिक खर्च होता है। ‘रीवा-दुर्ग एक्सप्रेस’ से मजबूत होगा संपर्क
भाजपा नेता ने रेल मंत्री से ‘रीवा-दुर्ग एक्सप्रेस’ के नाम से एक नई नियमित ट्रेन शुरू करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इस ट्रेन के शुरू होने से विंध्य क्षेत्र और छत्तीसगढ़ के औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्रों के बीच सीधा और मजबूत संपर्क स्थापित होगा। इससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर की सौगात मिलेगी। सूत्रों के मुताबिक, रेल मंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाया है। पार्थिव देह के सम्मानजनक परिवहन की मांग
मुलाकात के दौरान गौरव तिवारी ने एक बेहद संवेदनशील मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि अक्सर कई परिवारों को दूर महानगरों से अपने परिजनों की पार्थिव देह छोटे शहरों या कस्बों में लाने के दौरान भारी आर्थिक और व्यवस्थागत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने रेलवे से मांग की है कि यात्री ट्रेनों के माध्यम से महानगरों से पार्थिव देह के सम्मानजनक और न्यूनतम खर्च में परिवहन की व्यवस्था शुरू की जाए। इससे शोकग्रस्त परिवारों को मुश्किल समय में बड़ी राहत मिल सकेगी।


