पंजाब के पठानकोट के जंगल में 25 वर्षीय युवक की गली-सड़ी लाश मिलने के मामले में 2 महीने बाद लव एंगल सामने आया है। युवक ने मरने से पहले गर्लफ्रेंड से 17 बार फोन पर बात की थी। दोनों 6 महीने से रिलेशन में थे और युवक उससे शादी करना चाहता था। युवक की पहचान गांव अनेड़ निवासी अंकित के रूप में हुई। जो अपनी गर्लफ्रेंड लीजा उर्फ रिया के साथ कोर्ट मैरिज करना चाहता था। गर्लफ्रेंड के शादी से मना करने पर अंकित उससे फोन पर कई बार झगड़ा। अंकित अपनी गर्लफ्रेंड से बार-बार कोर्ट मैरिज करने की बात कह रहा था। लेकिन जब उसने मना कर दिया तो गुस्से में आकर उसने सुसाइड कर लिया। उसकी लाश जंगल में पेड़ से लटकी हुई मिली थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने मामले में परिजनों के बयान के आधार पर गर्लफ्रेंड पर केस दर्ज कर लिया है। जानिए पुलिस जांच में और क्या सामने आया… पड़ोसी गांव से थी गर्लफ्रेंड, 6 महीने से रिलेशन में थे पुलिस की जांच में सामने आया कि अंकित उर्फ अंग्रेज सिंह के पड़ोस के गांव की लीजा उसकी गर्लफ्रेंड थी। दोनों पिछले 6 महीने से रिलेशन में थे। दोनों में पहले शादी की बात होती थी, लेकिन कुछ महीनों बाद लीजा ने अंकित के साथ चंडीगढ़ जाकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मरने से पहले 2 घंटे में 17 बार फोन पर हुई बात पुलिस के अनुसार, अंकित ने मरने से पहले लीजा के साथ 2 घंटे में 17 बार फोन पर बात की। उसने ने 8 मार्च 2026 की दोपहर 12:31 से 2:38 के बीच 17 बार फोन किया। इस दौरान अंग्रेज के फोन से 12 आउटगोइंग और 5 इनकमिंग कॉल्स हुईं। शादी से इन्कार सुन उठाया कदम पुलिस के मुताबिक अंकित ने इन कॉल्स के दौरान लीजा पर चंडीगढ़ जाकर शादी करने का दबाव भी बनाया। लेकिन, लीजा ने इससे इन्कार कर दिया। लीजा की ना से परेशान होकर ही अंग्रेज ने दुकान से दोपहर को ही छुट्टी ली और गांव के पास जंगल में जाकर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। वेल्डिंग का काम करता था अंकित मृतक अंग्रेज सिंह उर्फ अंकित मुकेरियां में वेल्डिंग का काम करता था। वो 8 मार्च से लापता था और परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे। 13 मार्च 2026 को पठानकोट के साथ लगते कस्बा नंगल के गांव अनेड़ में उसकी गली-सड़ी लाश पेड़ से लटकी मिली थी। जंगल के बाहर मोटर साइकिल से मिला सुराग पंचायत मेंबर रणजीत सिंह राणा ने बताया कि अंग्रेज सिंह 5 दिन से लापता था। पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। परिवार और गांव के लोग उसे लगातार खोज रहे थे। आज गांव के ही रहने वाले गुज्जर परिवार ने अंग्रेज सिंह का मोटर बाइक जंगल के बाहर खड़ी देखी तो परिवार को सूचना दी। जिसके बाद परिवार और सरपंच ने पुलिस को सूचित किया। परिवार ने कपड़ों से अंग्रेज की पहचान की थी। परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी लाश बरामद होने के बाद परिवार ने अंग्रेज की हत्या कर लाश को पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई थी। परिवार का कहना था कि अंग्रेज खुदकुशी नहीं कर सकता। लेकिन, कुछ दिन से परेशान था। दुकान मालिक बोला- डरा हुआ था अंग्रेज सिंह मृतक के चाचा बचन चंद ने बताया कि अंग्रेज सिंह छन्नी चनौर में वेल्डिंग की दुकान पर काम करता था। अंग्रेज जब घर नहीं पहुंचा तो दुकानदार से पूछा गया। बचन ने बताया कि दुकानदार का कहना था कि 8 मार्च को अंग्रेज जब दुकान पर आया तो घबराया हुआ था। दोपहर के वक्त उसे फोन आने लगे। जिसके बाद वह काफी डरा हुआ था। पूछने पर कुछ बताया नहीं। दोपहर अढ़ाई बजे अंग्रेज छुट्टी लेकर घर चला गया। उसके बाद वह दुकान पर नहीं आया था।


