केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने शनिवार शाम मैहर पहुंचकर मां शारदा देवी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने सतना जिले में कुपोषण से हुई मौतों के मामलों पर विभाग का पक्ष रखते हुए मीडिया से चर्चा की। इस दौरान मंत्री ने बताया कि विभाग महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और पोषण माह के जरिए जागरूकता फैलाई जा रही है। मौतों के कारणों पर बीमारी की विविधता का दिया तर्क सतना में बच्चों की मौत के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि हर मौत का कारण एक ही बीमारी हो, इसके पीछे अन्य चिकित्सीय कारण भी हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुपोषण दूर करने के लिए हाल ही में 23 अप्रैल को पोषण माह का नवीनतम चरण संपन्न हुआ है, जिसमें जमीनी स्तर पर कार्य किया गया। विपक्ष द्वारा पोषण आहार और साड़ियों की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों पर मंत्री ठाकुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 60-70 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस को अपने समय की स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के 10-11 वर्षों के कार्यकाल में व्यवस्थाएं पहले से कहीं अधिक बेहतर हुई हैं। ऑनलाइन ट्रैकिंग और ऐप से खत्म हुआ भ्रष्टाचार मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब गर्भवती महिलाओं और बच्चों का पूरा डेटा ऐप पर अपडेट किया जाता है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता की कमी थी, लेकिन अब ऑनलाइन प्रक्रिया होने से भ्रष्टाचार की गुंजाइश खत्म हो गई है और दिल्ली से सीधे योजनाओं की निगरानी की जा रही है। सतना के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगी शामिल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय राज्यमंत्री रविवार 10 मई को सुबह 10 बजे सतना के टाउनहॉल में आयोजित स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगी। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे वे सड़क मार्ग से रीवा एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी। मैहर प्रवास के दौरान उनके साथ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और पूर्व महापौर ममता पाण्डेय भी मौजूद रहीं।


