नरसिंहपुर जिले के चीचली क्षेत्र में एक युवक ने मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। शनिवार को पीड़ित ने एसपी से शिकायत की है। पीड़ित का कहना है कि सिर में 12 टांके आने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों पर हल्की धाराएं लगाई हैं। तेंदूखेड़ा छोटा के रहने वाले राहुल मेहरा ने बताया कि 8 मई को जब वह बारात से लौट रहा था, तब मदन कुशवाहा और उसके 5 साथियों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लोहे की रॉड, पाइप और बेसबॉल बैट से उस पर जानलेवा हमला किया। राहुल के सिर में गंभीर चोट आई है और हाथ-पैर में भी काफी मार लगी है। जातिगत अपमान और हल्की धाराओं का आरोप राहुल का आरोप है कि पलोहा पुलिस ने केस तो दर्ज किया, लेकिन चोट की गंभीरता और जातिगत गाली-गलौज के बावजूद न तो एससी-एसटी एक्ट लगाया और न ही कोई कड़ी धारा जोड़ी। पीड़ित ने एएसपी संदीप भूरिया को आवेदन सौंपकर कहा कि पुलिस ने अन्य 5 आरोपियों की पहचान करने में भी दिलचस्पी नहीं दिखाई है। केस वापस लेने के लिए मिल रही धमकियां शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी अब राहुल को फोन पर धमका रहे हैं और समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। राहुल ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, एफआईआर में गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएं और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि उसे न्याय मिल सके।


