केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की टीम ने मादक पदार्थ तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में मेफेड्रोन बनाने वाली लैब का भंडाफोड़ किया है। मौके से 21.189 किलो मेफेड्रोन,आधा किलो करीब अफीम और बड़ी मात्रा में केमिकल्स बरामद किए गए हैं। जब्त नशे के सामान की कीमत 2 करोड़ के आस-पास बताई गई है। मंदसौर जिले के दलौदा तहसील के लसुदिया इला गांव के बाहरी इलाके में ये लैब संचालित थी। टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। फोटो में देखें कैसे चल रही थी गुप्त लैब चित्तौड़गढ़ से टीम मंदसौर पहुंची थी उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा नरेश बुंदेल ने बताया-CBN अधिकारियों को सूचना मिली थी कि खेती की जमीन पर बने कमरे और आस-पास के क्षेत्र में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार की जा रही है। इसके बाद चित्तौड़गढ़-I, II और III डिवीजन की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम ने इलाके की निगरानी और मैपिंग कर संदिग्ध जगह की पहचान की। इस काम मे CBN की मध्यप्रदेश यूनिट और जावरा निवारक सेल की मदद भी ली। ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद संयुक्त टीम ने गुरुवार को कमरे और आस-पास के इलाके की तलाशी ली। वहां मेफेड्रोन तैयार करने की गुप्त लैब संचालित मिली। कार्रवाई के दौरान 21.189 किलो मेफेड्रोन, 487 ग्राम अफीम, HCL सहित 30.800 लीटर केमिकल्स और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा 10 बैग में लैब उपकरण और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। CBN ने मौके से दो लोगों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। मामले में सिंडिकेट के नेटवर्क, केमिकल्स की सप्लाई, फाइनेंशियल ट्रेल और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच की जा रही है।


