सहारनपुर में अवैध पशु कटान का आरोपी गिरफ्तार:50 किलो मीट, स्कूटी और अवैध छुरा बरामद

सहारनपुर में अवैध पशु कटान का आरोपी गिरफ्तार:50 किलो मीट, स्कूटी और अवैध छुरा बरामद

सहारनपुर में अवैध पशु कटान के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली मंडी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से पशु कटान कर मीट सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लगभग 50 किलोग्राम भैंस के कटड़े का मीट, मृत पशु के अवशेष, एक स्कूटी और एक अवैध छुरा बरामद किया गया है। एसएसपी के निर्देश पर जनपद में अपराधों की रोकथाम और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना कोतवाली मंडी पुलिस चौकी निर्यात क्षेत्र में गश्त और सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध पशु कटान कर मीट को कट्टे में भरकर सप्लाई के लिए ले जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सतपाल सिंह भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने कमेला रोड स्थित पशु पैठ से आगे खाली पड़े कमरों के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सलमान पुत्र इकबाल निवासी झूले वाली गली, अख्तर मस्जिद के पास, एकता कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 50 किलो भैंस के कटड़े का मीट, एक मृत कटड़े के अवशेष, लाल रंग की एक्टिवा डिलक्स स्कूटी और एक अवैध छुरा बरामद किया। पुलिस ने मौके पर ही सभी बरामद सामान को कब्जे में ले लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद स्कूटी को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक शहरोज आलम खान, हेड कांस्टेबल विकल सोम, अरुण तोर और कांस्टेबल मनोज आर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *