संभल में दहेज के लिए पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति को संभल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना नखासा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गांव सुनवारी निवासी नाजिम पुत्र मकसूद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, नाजिम का निकाह 5 साल पहले मुरादाबाद के बुद्धबाजार निवासी अलीशा (25) पुत्री आबिद हुसैन से हुआ था। अलीशा के साथ मारपीट करने का आरोप मृतका के भाई मोहम्मद तालिब ने 26 अप्रैल को थाना नखासा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि नाजिम और उसके परिजन दहेज में पांच लाख रुपये और चार पहिया वाहन की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर अलीशा के साथ लगातार मारपीट की जाती थी। तालिब के मुताबिक, 24 अप्रैल की सुबह अलीशा ने फोन कर बताया था कि पति नाजिम, जेठ रियासत, ससुर मकसूद और जेठानी अंजुम परवीन उस पर दहेज की मांग को लेकर दबाव बना रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान नाजिम ने अलीशा को तीन तलाक दिया और उसे जहर दे दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने अलीशा को मुरादाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी उमेश सोलंकी ने बताया- घटना के बाद आरोपी नाजिम फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


