चित्रकूट में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने जिले का दौरा कर महिला सुरक्षा, शिक्षा और जनकल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला कारागार रगौली, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिवरामपुर और ग्राम पंचायत भारतपुर में आयोजित महिला जनसुनवाई एवं जनचौपाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सुबह करीब 10 बजे प्रतिभा कुशवाहा जिला कारागार रगौली पहुंचीं, जहां उन्होंने महिला बैरक का निरीक्षण किया। जेलर की मौजूदगी में महिला बंदियों से बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाएं संतोषजनक और सुव्यवस्थित पाई गईं। महिला बंदियों ने भी किसी बड़ी समस्या की शिकायत नहीं की।
इसके बाद उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिवरामपुर का निरीक्षण किया। यहां एबीएसए कर्वी, वार्डन और विद्यालय स्टाफ की मौजूदगी में छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यालय के शौचालय, भोजन व्यवस्था, पढ़ाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। राज्य महिला आयोग सदस्य ने प्रत्येक कक्षा में जाकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, नियमित पढ़ाई करने तथा योग और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही छात्राओं से पूछा कि उन्हें मेनू के अनुसार दूध, फल और भोजन मिल रहा है या नहीं। दोपहर में ग्राम पंचायत भारतपुर स्थित प्रसिद्ध मंदिर परिसर में महिला जनसुनवाई एवं जनचौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने अपनी समस्याएं रखीं। प्रतिभा कुशवाहा ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए और फरियादियों से प्रार्थना पत्र भी लिए। उन्होंने महिलाओं को समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। जनचौपाल के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें दो महिलाओं की गोद भराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई। इस मौके पर एडीएम नमामि गंगे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीओ सिटी, महिला थाना अध्यक्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां मौजूद रहीं।


