Atul Wassan on Gautam Gambhir Coaching: भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर की गिनती दुनिया के सबसे सफल कोचों में होने लगी है। उनकी कोचिंग में भारत ने बैक-टू-बैक दो ICC ट्रॉफियां (चैंपियंस ट्रॉफी और टी20 वर्ल्ड कप 2026) जीतकर इतिहास रचा। लेकिन सफलता की इस चमक के पीछे एक गहरा सन्नाटा और कुछ खिलाड़ियों की नाराजगी भी छिपी है। पूर्व क्रिकेटर अतुल वासन ने गंभीर के कोचिंग स्टाइल पर ऐसे आरोप लगाए हैं, जिसने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है।
खिलाड़ियों ने साध ली चुप्पी
एक यूट्यूब शो पर बात करते हुए अतुल वासन ने दावा किया कि टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी गंभीर के मैनेजमेंट से खुश नहीं हैं। उन्होंने गंभीर की मजबूत पर्सनैलिटी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह अपनी पसंद-नापसंद को लेकर बहुत कड़े हैं और टीम को डंडे के दम पर लीड करते हैं। वासन ने कहा, ‘मुझे यकीन है कि हर कोई खुश नहीं होगा। जब कोच की पर्सनैलिटी इतनी स्ट्रॉन्ग हो, तो पसंद-नापसंद बीच में आती ही है। जब तक टीम जीत रही है, तब तक सब ठीक है, लेकिन हार मिलते ही बातें उठने लगेंगी।’
क्या कुछ खिलाड़ियों को साइडलाइन किया गया?
जब वासन से पूछा गया कि क्या वह उन खिलाड़ियों को जानते हैं जो नाखुश हैं, तो उन्होंने नाम तो नहीं लिए, लेकिन बड़ा इशारा जरूर किया। उन्होंने कहा कि वह ऐसे 1-2 खिलाड़ियों को जानते हैं जिन्हें लगता है कि उन्हें साइडलाइन कर दिया गया है। वासन के मुताबिक, टीम स्पोर्ट में अगर कोच जीत रहा है, तो कोई भी खिलाड़ियों की शिकायत नहीं सुनता और अंत में कोच ही सही साबित होता है।
विराट-रोहित के संन्यास पर भी उठे सवाल
गंभीर की कोचिंग के दौरान ही टीम इंडिया के दो सबसे बड़े दिग्गजों, विराट कोहली और रोहित शर्मा ने अचानक टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। हालांकि टीम ने सफलता पाई, लेकिन सीनियर खिलाड़ियों का इस तरह जाना कई विवादास्पद रिपोर्टों को जन्म दे गया। जहां एक तरफ गंभीर ने संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे टैलेंट को खुलकर मौके दिए, वहीं दूसरी तरफ सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्तों को लेकर कयासों का बाजार गर्म है।
गंभीर से थी पुरानी रंजिश
यह भी गौर करने वाली बात है कि अतुल वासन और गौतम गंभीर के रिश्ते पहले भी तनावपूर्ण रहे हैं। जब वासन दिल्ली के सिलेक्टर थे, तब गंभीर को कप्तानी से हटाया गया था, जिस पर काफी विवाद हुआ था। ऐसे में वासन के इन ताजा आरोपों को क्रिकेट एक्सपर्ट्स अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।


