सिरसा जिले के डबवाली में चौटाला रोड पर गुरुवार देर रात एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार, चौटाला रोड पर फास्ट फूड का काम करने वाले भाई-बहन गुरमीत और अंजलि रात के समय अपनी बाइक पर कचरा लेकर सब्जी मंडी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दूसरी बाइक का सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे में गुरमीत और अंजलि सुरक्षित रहे। होटल पर रोटी बनाता था मृतक युवक मृतक की पहचान डबवाली के कबीर नगर निवासी बिट्टू पुत्र जगराम के रूप में हुई है। बिट्टू एक होटल में रोटी बनाने का काम करता था। मृतक के पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। हादसे की सूचना पाकर शहर थाना डबवाली के एसआई आनंद बेनीवाल मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद अजय नामक युवक ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


