हरियाणा के हांसी में उमरा रोड स्थित लाल हुकुमचंद जैन पार्क के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शांति निकेतन कॉलोनी के 29 वर्षीय प्रदीप कुमार यादव के रूप में हुई है। प्रदीप अविवाहित था और कंप्यूटर सेंटर में पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार, प्रदीप बुधवार शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि उसके दोस्त का फोन आया है और वह किसी काम से उसके पास जा रहा है। इसके बाद वह देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शव के पास नहीं मिले फोन-बाइक परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे प्रदीप का शव उमरा रोड पर लाल हुकुमचंद जैन पार्क की दीवार के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने बताया कि प्रदीप घर से अपनी बाइक और मोबाइल फोन लेकर गया था। शव के पास न तो बाइक मिली और न ही मोबाइल। हालांकि, पुलिस कर्मचारियों के अनुसार, उसकी बाइक रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर ली गई है, जबकि मोबाइल फोन अभी तक लापता है। पिता आर्मी से रिटायर्ड जानकारी के मुताबिक, मृतक प्रदीप के पिता रामपाल आर्मी से रिटायर्ड थे, जिनका करीब दो वर्ष पहले निधन हो गया था। परिवार पहले ही पिता को खोने का दुख झेल चुका था और अब प्रदीप की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि दो भाइयों में छोटा प्रदीप नौकरी की तैयारी कर रहा था और पढ़ाई में जुटा हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार सदमे में है। मौत के कारणों का नहीं खुलासा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों की जांच में जुट गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हांसी के सामान्य अस्पताल में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। परिजनों की जांच की मांग वहीं परिजनों ने मामले की गहन जांच की मांग उठाई है। उनका कहना है कि प्रदीप के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच होनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि उसे किसका फोन आया था और घर से निकलने के बाद वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा।


