‘राम विकास रथ यात्रा’ से गांवों की नब्ज टटोलेगी भाजपा:मंत्री प्रेम सिंह बाजोर ने कहा- जनता से सीधे मांगे जाएंगे सुझाव

‘राम विकास रथ यात्रा’ से गांवों की नब्ज टटोलेगी भाजपा:मंत्री प्रेम सिंह बाजोर ने कहा- जनता से सीधे मांगे जाएंगे सुझाव

भाजपा की आगामी ‘राम विकास रथ यात्रा’ के जरिए अब गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं और सुझाव सीधे जुटाए जाएंगे। करौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनिक कल्याण बोर्ड मंत्री प्रेम सिंह बाजोर ने यात्रा की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि यह रथ यात्रा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगी और ग्रामीणों से संवाद स्थापित करेगी। यात्रा में एक विशेष सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी, जिसमें आमजन अपने क्षेत्र की समस्याएं और विकास संबंधी सुझाव लिखकर डाल सकेंगे। मंत्री बाजोर ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर लगातार काम कर रही है। ‘राम विकास रथ यात्रा’ का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना नहीं, बल्कि गांवों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझकर उन्हें सरकार तक पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बीच जाकर विकास की गति को और तेज करना चाहती है। हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचेगी रथ यात्रा प्रेम सिंह बाजोर ने बताया कि रथ यात्रा प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। इस दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद किया जाएगा ताकि विकास योजनाओं को जमीनी जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि सुझाव पेटिका के माध्यम से आमजन की राय और शिकायतों को संकलित कर सरकार तक पहुंचाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने, सड़क नेटवर्क बेहतर बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
गुजरात मॉडल की तर्ज पर डेयरी और उद्योगों पर जोर प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री बाजोर ने कहा कि राजस्थान में विकास को नई गति देने के लिए गुजरात मॉडल की तर्ज पर डेयरी और अन्य उद्योगों के विस्तार पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजस्थान को विकसित राज्यों की श्रेणी में आगे लाना है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए भाजपा लगातार प्रयासरत है। कांग्रेस शासन पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप मंत्री प्रेम सिंह बाजोर ने इस दौरान कांग्रेस शासनकाल पर भी हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा जनता की सेवा और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने भाजपा को जनता के हितों के लिए समर्पित संगठन बताया। सैनिक कल्याण बोर्ड कैंटीन खोलने की उठी मांग भाजपा जिला मीडिया संयोजक मुकेश सालौत्री ने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने करौली जिले में सैनिक कल्याण बोर्ड की कैंटीन खोले जाने की मांग को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। ये पदाधिकारी रहे मौजूद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भरतपुर संभाग यात्रा संयोजक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष बृजलाल डिकोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश राजौरिया, महेंद्र मीणा, प्रहलाद सिंघल, सुरेश शुक्ला, मुकेश सालौत्री, योगेश शर्मा, अजय पाल, उत्तम सिंह, जितेंद्र पीचानोत, अमर सिंह, सुमिरन सिंह, सत्यनारायण शर्मा, आशुतोष तिवारी, आदित्य शर्मा, कल्पेश शर्मा, पुष्पेंद्र सैनी, गोपाल शर्मा और गजेंद्र सिंह मीणा सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *