धौलपुर में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग ने जिले में बड़ा अभियान चलाया है। मंगलवार और बुधवार को चले इस विशेष अभियान के दौरान 118 बिजली चोरों के खिलाफ वीसीआर (विद्युत चोरी रिपोर्ट) भरी गईं, जिन पर करीब 35 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई से बिजली चोरी करने वालों में खलबली मच गई है। डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता (SE) विवेक शर्मा ने बताया कि बिजली चोरी से निगम को आर्थिक नुकसान होता है और ईमानदार उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित होती है। इसी समस्या को देखते हुए बाड़ी, बसेड़ी, राजाखेड़ा, धौलपुर शहर और सरमथुरा उपखंड क्षेत्रों में यह विशेष जांच अभियान चलाया गया। टीम रात में कर रही गश्त
एसई शर्मा ने यह भी बताया कि बिजली चोरी की अधिकांश घटनाएं रात के समय होती हैं। इसे प्रभावी ढंग से रोकने के लिए डिस्कॉम की विजिलेंस और ओ एंड एम (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) टीमों को रात में गश्त करने और सघन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। ये टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ वीसीआर भर रही हैं। 7 दिन में जमा करानी होगी जुर्माना राशि
विवेक शर्मा ने जोर देकर कहा कि डिस्कॉम एक ओर अपने विद्युत तंत्र को लगातार मजबूत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली चोरी रोकने के लिए कठोर कार्रवाई भी जारी रखेगा। इसका मुख्य उद्देश्य ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
डिस्कॉम ने चेतावनी जारी की है कि जिन उपभोक्ताओं पर जुर्माना लगाया गया है, यदि वे 7 दिनों के भीतर निर्धारित राशि जमा नहीं कराते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।


