धार जिले के घाटाबिल्लौद क्षेत्र में चंबल नदी पर बने एक पुराने पुल को ध्वस्त करते समय बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। यह पुल अंग्रेजों के जमाने का बताया जा रहा है और लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। प्रशासन ने इस पुराने पुल को हटाकर नया और आधुनिक पुल बनाने का निर्णय लिया है। इसके निर्माण का जिम्मा MP RDC को सौंपा गया है। बुधवार को पोकलेन मशीन की मदद से पुल तोड़ने का काम चल रहा था। अचानक गिरा पुल का हिस्सा कार्य के दौरान अचानक पुल का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। यह हिस्सा सीधे पोकलेन मशीन के अगले हिस्से पर जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। सभी मजदूर और मशीन ऑपरेटर सुरक्षित बच गए। हालांकि पोकलेन मशीन को मामूली नुकसान होने की जानकारी मिली है। स्थानीय लोगों ने बताया पुल काफी जर्जर था स्थानीय लोगों के अनुसार यह पुल काफी पुराना था और इसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। इसे लेकर कई बार शिकायतें भी की गई थीं, जिसके बाद प्रशासन ने इसे हटाकर नया पुल बनाने का फैसला लिया था।


