ग्वालियर पुलिस ने 201 वारंटियों को गिरफ्तार किया:रात भर चला ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान, हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच हुई

ग्वालियर पुलिस ने 201 वारंटियों को गिरफ्तार किया:रात भर चला ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान, हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच हुई

ग्वालियर पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बड़ा ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पुलिस ने 201 वारंटियों को गिरफ्तार किया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस टीमों ने जिले भर में दबिश दी। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह कॉम्बिंग गश्त शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ शुरू की गई। पुलिस का मुख्य ध्यान उन अपराधियों पर था जो लंबे समय से फरार थे या जिनके खिलाफ वारंट जारी होने के बावजूद वे पुलिस की पकड़ से बाहर थे। अभियान की शुरुआत पैदल गश्त से हुई, जिसमें थाना प्रभारियों ने अपने बल के साथ मोहल्लों का भ्रमण कर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इस विशेष अभियान के तहत कुल 201 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 105 स्थायी वारंटी और 96 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। 282 हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी जांची इसके अतिरिक्त, पुलिस ने शहर और देहात के 154 गुंडा और 128 हिस्ट्रीशीटरों के घरों पर जाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी अपडेट की। कुल 282 हिस्ट्रीशीटरों की हाजिरी भी जांची गई। अभियान के दौरान होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों और बैंकों के एटीएम की भी सघन चेकिंग की गई। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्वयं गश्त का जायजा लिया। इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी एएसपी अनु बेनीवाल, विदिता डागर, सुमन गुर्जर और जयराज कुबेर ने की। अधिकारियों ने जिला बदर के आरोपियों और फरार बदमाशों के ठिकानों पर व्यक्तिगत रूप से पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने और अपराधियों में पुलिस का खौफ बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पैदल गश्त और सरप्राइज चेकिंग अब नियमित रूप से की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *