अमरोहा पुलिस की मंगलवार रात 25 हजार के इनामी गौतस्कर से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में डिडौली कोतवाल जितेंद्र बालियान के हाथ में भी गोली लगने से वह घायल हो गए। फिलहाल, पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। डिडौली थाना पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरादाबाद जिले के डिलारी थाना क्षेत्र के ढकिया गांव निवासी हारून पुत्र फारुख, जो 25 हजार का इनामी है, डिडौली थाना क्षेत्र में गौकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर डिडौली थाना प्रभारी जितेंद्र बालियान अपनी टीम के साथ सक्रिय हो गए और आरोपी को घेर लिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी हारून ने फायरिंग शुरू कर दी। इस फायरिंग में डिडौली कोतवाल जितेंद्र बालियान के हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौतस्कर हारून के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी हारून ने अपने साथी के साथ मिलकर पूर्व में गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी थाना क्षेत्र में मौजूद है, जिसके बाद टीम सक्रिय हुई। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। भदौरिया ने पुष्टि की कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी भी गोली लगने से घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।


