मतदान के बीच सियासी संग्राम, नगर पंचायत उपचुनाव में कांग्रेस नेताओं की धरपकड़, 12 बजे तक सिर्फ 17 प्रतिशत वोटिंग, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

शाहजहांपुर। मीरानपुर कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ, लेकिन दोपहर तक माहौल सियासी आरोप-प्रत्यारोप और कार्रवाई के बीच गर्म हो गया। 12 बजे तक महज 17 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, वहीं मतदाताओं को प्रभावित करने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया, जिससे राजनीतिक विवाद गहरा गया।

मतदान के बीच पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व चेयरमैन समी खां, नगर अध्यक्ष अच्छन खां और जावेद खां को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि ये लोग कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद सिद्दीकी के पक्ष में मतदाताओं को प्रभावित कर रहे थे। इसके अलावा फारवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी पूजा कसाना के पति दानिश जीशान खां को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से चुनावी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

कांग्रेस का विरोध, कलक्ट्रेट में धरना

पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे। जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता मुन्ना के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। कांग्रेस ने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दलों को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। उपचुनाव में कुल 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें चार मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवार और सात निर्दलीय शामिल हैं। नगर पंचायत के 16 वार्डों में 12 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 33 महिला कर्मियों सहित करीब 160 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही चार सेक्टर और एक जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।

31 हजार से अधिक मतदाता करेंगे फैसला

इस उपचुनाव में कुल 31,465 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 16,807 पुरुष और 14,658 महिला मतदाता शामिल हैं। शुरुआती घंटों में मतदान की रफ्तार धीमी रही। मतगणना सात मई को होगी। दरअसल, नवंबर 2025 में न्यायालय ने तत्कालीन अध्यक्ष मुख्तियार अहमद मसूदी को नामांकन में आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने का दोषी मानते हुए अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके साथ ही चुनाव को निरस्त कर पद रिक्त घोषित किया गया था। इसी कारण अब यह उपचुनाव कराया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *