PM Kisan Samman Nidhi Yojana Update: किसानों के लिए चलाई गई एक स्पेशल स्कीम प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Yojana) में अब बड़ा बदलाव हो सकता है। यह योजना देश के किसानों के लिए अहम सहारा है। अब तक इस योजना में किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद की जाती है, जिसे अब बढ़ाकर 9,000 किया जा सकता है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान किसानों से वादा किया था कि सरकार बनने पर पीएम किसान सम्मान निधि की राशि 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये की जाएगी।
कैसे 9,000 रुपये का वादा निभाएंगे मोदी
बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मोदी ने बनगांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए, ऐलान किया था कि बंगाल में BJP की सरकार बनते ही ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की राशि को सालाना 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये कर दिया जाएगा।
इसके बाद BJP ने बंगाल में बहुमत के साथ सरकार बनाई हैं। ऐसे में बंगाल के किसानों की नजर अब इस वादे पर टिकी है कि क्या इसे पूरा किया जाएगा। ऐसा ही एक वादा महाराष्ट्र चुनाव के दौरान किया गया था।
अपना सकते है महाराष्ट्र मॉडल
महाराष्ट्र में जनता से किए वादे को पूरा करने के लिए एक नया मॉडल लांच किया गया था। इसी तर्ज पर बंगाल में भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना बन रही है। इससे पहले महाराष्ट्र में किसानों को केंद्र सरकार की ओर से 6,000 रुपये सालाना मिलते थे। बीजेपी की जीत के बाद एक नई योजना लाई गई जिसके बाद किसानों को बढ़ी हुई रकम मिलने लगी।
महाराष्ट्र में केंद्र सरकार की 6,000 रुपये की राशि के अलावा राज्य सरकार ने अपनी अलग योजना नमो शेतकरी महासम्मान निधि के तहत 6,000 रुपये और दिए। इस तरह नई योजना को लागू करके किसानों को 6,000 से सीधे 12,000 रुपये दिए गए। माना जा रहा है कि बंगाल में भी इसी तर्ज पर राज्य सरकार अपनी तरफ से 3,000 रुपये जोड़ सकती है, जिससे कुल राशि 9,000 रुपये हो जाए। हालांकि, अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
क्या सच में बढ़ेगी राशि?
फिलहाल केंद्र सरकार की तरफ से पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। जो भी चर्चा है, वह चुनावी वादों पर आधारित है। महाराष्ट्र मॉडल एक संकेत जरूर देता है कि राज्य और केंद्र मिलकर किसानों की मदद बढ़ा सकते हैं। लेकिन जब तक कोई सरकारी घोषणा नहीं होती, किसानों को अभी 6,000 रुपये की मौजूदा व्यवस्था पर ही निर्भर रहना होगा और 23वीं किस्त का इंतजार करना होगा।
23वीं किस्त कब आएगी?
22वीं किस्त मार्च 2026 में किसानों के खातों में भेजी गई थी। योजना के तहत हर चार महीने पर एक किस्त जारी होती है, इसलिए अब उम्मीद है कि 23वीं किस्त (pm kisan samman nidhi yojana 23 installment) जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में आ सकती है।


