रायबरेली में दबंगों द्वारा एक युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। यह घटना जिले के भदोखर थाना क्षेत्र के मनहेरू चौराहे पर हुई, जहां पुरानी रंजिश के चलते आधा दर्जन से अधिक लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा। मारपीट के दौरान एक हमलावर ने युवक को बेल्ट से भी पीटा। यह पूरी घटना पास में लगे CCTV में कैद हो गई। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवक को घेरकर बेरहमी से मारा गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों और पीड़ित के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। सरेराह हुई इस मारपीट से चौराहे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई है। भदोखर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


